गुनसोला ने ठोकी चुनावी ताल, बोले-मौका मिला तो मसूरी की तस्वीर बदलने का करेंगे प्रयास

1 min read

मसूरी। पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने आगामी विधानसभा चुनाव में मसूरी सीट से चुनाव लड़ने की खुलकर दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व और जनता ने उन्हें अवसर दिया तो मसूरी के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने के साथ ही शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास करेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी पर विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं, बेरोजगारी, सड़क और पर्यटन से जुड़ी समस्याओं को लेकर तीखे सवाल उठाए।
पत्रकारों से बातचीत में गुनसोला ने कहा कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पर्यटन पर आधारित है और स्थानीय लोगों की आजीविका भी इसी से जुड़ी हुई है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूरी आज अनेक समस्याओं से घिरा हुआ है। पर्यटक दिल्ली से ढाई घंटे में देहरादून तक पहुंच जाता है, लेकिन मसूरी पहुंचने में चार से पांच घंटे लग रहे हैं। शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को मसूरी विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए अपना आवेदन सौंप दिया है। पार्टी ने उन्हें दो बार नगर पालिकाध्यक्ष और दो बार विधायक बनने का अवसर दिया। इसके अलावा विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने हमेशा जनता की सेवा करने का प्रयास किया। विधायक रहते हुए वर्ष 2010 में उन्हें विधानसभा की ओर से सर्वश्रेष्ठ विधायक चुने जाने का सम्मान भी मिला था। उन्होंने कहा कि मसूरी की जनता ने उन्हें पहले भी सेवा का अवसर दिया और आज भी वह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, वह उसका समर्थन करेंगे।
मंत्री गणेश जोशी पर निशाना साधते हुए गुनसोला ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में मसूरी का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने उप जिला चिकित्सालय का उदाहरण देते हुए कहा कि अस्पताल में करोड़ों रुपये की मशीनें उपयोग के अभाव में जंग खा रही हैं। चिकित्सकों, तकनीशियनों, नर्सों और सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण अस्पताल प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं देने में असमर्थ है और यह महज मरीजों को रेफर करने का केंद्र बनकर रह गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इतने वर्षों में अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं विकसित नहीं हो पाईं तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। सैनिक कल्याण मंत्री होने के बावजूद पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल साड़ियां और अन्य सामग्री बांटने से नहीं होगा, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस योजनाओं और रोजगार के अवसरों की जरूरत है। गुनसोला ने एलकेडी मार्ग के निर्माण में देरी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की महत्वपूर्ण सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह अपने पिछले कार्यकाल में अधूरे रह गए कार्यों को पूरा करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
मंत्री गणेश जोशी से जुड़े कथित आय से अधिक संपत्ति के आरोपों और अन्य विवादों का उल्लेख करते हुए गुनसोला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगते हैं तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार ऐसी परिस्थितियों में नैतिक जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और मंत्री गणेश जोशी के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों के बीच सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं। शासन की ओर से पूर्व पालिकाध्यक्ष के कार्यकाल में कथित 11 करोड़ रुपये की अनियमितताओं के मामले में जांच और वसूली की कार्रवाई सामने आई है। उन्होंने कहा कि मसूरी के विकास से जुड़े सवालों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वर्तमान विधायक के कार्यकाल की कमियों की समीक्षा की जाए तो उनकी लंबी सूची सामने आ सकती है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.