नन्हे वैज्ञानिकों की कल्पनाओं को मिले पंख, विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में दिखी प्रतिभा

1 min read

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मक प्रतिभा और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल, तकनीकी प्रयोगों और आकर्षक कलाकृतियों ने अतिथियों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह साबित किया कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर उनकी कल्पनाशीलता को नई दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जीवन बीमा निगम के शाखा प्रबंधक भगत सिंह बिष्ट, समाजसेवी सलभ गर्ग तथा विद्यालय के अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल, दिनेश कुमार जैन, अनुज तायल और अनिल गोयल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित मॉडल, तकनीकी प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के बेहतर उपयोग, आधुनिक तकनीक और दैनिक जीवन में उपयोगी परियोजनाओं को प्रस्तुत किया। वहीं कला एवं चित्रकला अनुभाग में विद्यार्थियों की आकर्षक कलाकृतियां, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएं और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल और परियोजनाओं की कार्यप्रणाली के बारे में अतिथियों एवं अभिभावकों को विस्तार से जानकारी दी और उनके सवालों के जवाब भी दिए। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पनाशीलता और विषयों की समझ की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और सृजनात्मक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को पहचानकर उसे व्यवहारिक रूप प्रदान करना भी है। विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी इसी शैक्षिक सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त, गुणवत्तापूर्ण और व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर ऐसे शैक्षिक एवं रचनात्मक आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के इस प्रयास को सराहनीय बताया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.