श्री गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोतः मुख्यमंत्री
1 min read
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स, देहरादून में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत एवं प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाते हुए मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर हम एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। श्री गुरु नानक देव जी ने संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह समानता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है।
