पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के योगदान को कांग्रेसियों ने किया याद, प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प
मसूरी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शहर कांग्रेस ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्थल झूलाघर स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। इसके बाद शहर कांग्रेस कार्यालय के सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के राजनीतिक जीवन और देश के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने राजाओं के प्रिवी पर्स की व्यवस्था समाप्त की, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पहल की और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सशक्त पहचान स्थापित की। उनके दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों के कारण उन्हें आयरन लेडी के नाम से जाना गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि इंदिरा गांधी का परिवार स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा रहा। उन्होंने देश की आजादी के बाद प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई। उनका जीवन और बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलने तथा युवाओं से भटकाव छोड़कर समाज और राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया।
सोनिया आनंद ने कहा कि इंदिरा गांधी का पूरा परिवार आजादी के आंदोलन में सक्रिय रहा। उनका व्यक्तित्व और संघर्ष आज भी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने कार्यों और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश की राजनीति में अलग पहचान बनाई, जिसे हमेशा याद किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, नागेंद्र उनियाल, बीएस नेगी, बलबीर सिंह चैहान, राजीव अग्रवाल, महिमानंद, नरेश मल्ल, हेमंत ग्रोवर, सुशील कुमार और सुदेश सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे भ्रष्टाचार विरोधी हस्ताक्षर अभियान के तहत भी लोगों ने हस्ताक्षर किए। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार के खिलाफ जनभावनाओं को एकत्र कर हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा जाएगा।
