कांग्रेस ने पीआरडी जवानों पर हुए लाठी चार्ज की निंदा करते हुए राज्य सरकार का पुतला फंूका

1 min read

देहरादून। बीते रोज अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। जिसे लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहोल गरमा गया है। प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल ने जवानों पर हुए लाठी चार्ज को  लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। जिसे लेकर कांग्रेस ने गुरूवार को प्रदेश सरकार का पुतला फंूका।
पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। गुरूवार को कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का पुतला फंूककर अपना विरोध जताया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने पुतले से सीएम धामी की तस्वीर हटाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद आखिरकार कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार निरंकुश हो चुकी है। अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले पीआरडी जवानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि सरकार के इस रवैये का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गणेश गोदियाल ने देहरादून में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस की ओर से किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज को पुलिस की लाठियों के दम पर दबाना चाहती है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में गणेश गोदियाल ने कहा पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ये वही जवान हैं जो राज्य की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राज्य की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनके भविष्य, रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर सरकार की उदासीनता समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना हर नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि वह आंदोलनकारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का निराकरण करे, लेकिन भाजपा सरकार संवाद के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की सेवा करने वाले जवानों को अपनी ही सरकार के सामने न्याय की गुहार लगाने पर पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं। गणेश गोदियाल ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने और लाठी चार्ज में घायल जवानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.