मसूरी में सड़क किनारे खड़ी स्कूटियों पर प्रशासन का शिकंजा
1 min read
मसूरी। पर्यटन नगरी में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी की जा रही किराये और निजी स्कूटियों के खिलाफ नगर पालिका एवं संभागीय परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर पालिका मार्ग, पिक्चर पैलेस-लैंडौर मार्ग और लाइब्रेरी क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के तहत सड़क किनारे खड़ी स्कूटियों को जब्त किया जा रहा है। लगातार हो रही कार्रवाई से स्कूटी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
नगर पालिका और परिवहन विभाग की टीमें पिछले कुछ दिनों से संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। कार्रवाई की भनक लगते ही कई स्कूटी संचालक अपने वाहन लेकर मौके से भागते नजर आ रहे हैं, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहनों को विभाग की टीम जब्त कर रही है। खास बात यह है कि अब कार्रवाई के दायरे में केवल किराये की स्कूटियां ही नहीं, बल्कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी निजी स्कूटियों को भी शामिल किया गया है।
मालूम हो कि पर्यटन सीजन के दौरान सड़कों के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसके बावजूद कई संचालक निर्धारित स्थानों के बजाय सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने पिक्चर पैलेस-लैंडौर मार्ग, नगर पालिका मार्ग और लाइब्रेरी क्षेत्र में नियमित कार्रवाई शुरू की है। पिछले दो-तीन दिनों से जारी अभियान के बाद सड़कों के किनारे खड़ी स्कूटियों की संख्या में कमी आई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली है। विभाग का उद्देश्य सड़क किनारे अतिक्रमण रोकने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारुबनाना और दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है।
