गौचर मेले में मसूरी के लेखक धर्म सिंह फर्स्वाण को मिला सम्मान

1 min read

मसूरी। बहुभाषी लेखक एवं शिक्षाविद् मसूरी निवासी धर्म सिंह फर्स्वाण को चमोली के गौचर में आयोजित 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में शिक्षा, जनजागरूकता और समाजहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मेला समिति एवं भारतीय सेना के अधिकारियों ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान उनके लंबे समय से जारी शैक्षिक, सामाजिक और भाषायी जागरूकता के प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है।
धर्म सिंह फर्स्वाण पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा, करियर निर्माण, रोजगार के अवसरों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं। वे प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में निःशुल्क करियर परामर्श, शैक्षिक मार्गदर्शन एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। उनका उद्देश्य आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराना और उनके भविष्य निर्माण में सहयोग देना है।
वे विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच और जर्मन सहित विभिन्न भाषाओं के व्यावहारिक महत्व तथा उनसे जुड़ी रोजगार की संभावनाओं की जानकारी देते हैं। उनका मानना है कि विदेशी भाषाओं का ज्ञान हासिल कर उत्तराखंड के युवा बहुराष्ट्रीय कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, पर्यटन, अनुवाद, शिक्षा और आतिथ्य सत्कार जैसे क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से वे युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ अतिरिक्त भाषायी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
धर्म सिंह फर्स्वाण स्वयं भी हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच और जर्मन भाषाओं में पुस्तकों का लेखन कर रहे हैं। उनका कहना है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग ज्ञानवर्धन के लिए होना चाहिए, लेकिन इन्हें पुस्तकों का विकल्प नहीं बनने देना चाहिए। ई-पुस्तकों के साथ मुद्रित पुस्तकों को भी अध्ययन का अभिन्न हिस्सा बनाए रखना जरूरी है। नियमित पुस्तक अध्ययन से ज्ञान, शब्दावली, एकाग्रता, कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होता है। निश्चित रूप से उनके निःशुल्क शैक्षिक, भाषायी और प्रेरणात्मक प्रयास दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। गौचर मेले में मिला सम्मान शिक्षा और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण को नई पहचान देने वाला है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.