मसूरी की सड़कों पर रेंटल स्कूटियों का अतिक्रमण, जाम से जूझ रहे लोग
1 min read
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में अवैध पार्किंग की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। शहर की अधिकांश सड़कें टैक्सी, चारपहिया वाहनों और रेंटल स्कूटियों की पार्किंग का अड्डा बन गई हैं। हालात यह हैं कि सड़कों के किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संभागीय परिवहन विभाग, पुलिस और नगर पालिका की ओर से अभियान चलाए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। अब रेंटल स्कूटियों के संचालकों की देखा-देखी पर्यटक भी सड़क किनारे अपने दुपहिया वाहन खड़े करने लगे हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है
शहर के प्रमुख मार्गों के साथ ही मालरोड पर भी दुपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग चिंता का विषय बनती जा रही है। मालरोड बैरियर से रिट्ज सिनेमा तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में स्कूटियां खड़ी की जा रही हैं। यही स्थिति पिक्चर पैलेस से ग्रीन चैक और रियाल्टो तक तथा लंढौर घंटाघर से गुरुद्वारा चैक तक बनी हुई है। इन मार्गों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और कई स्थानों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
लाइब्रेरी मालरोड पर स्थिति और भी चिंताजनक है। यहां साइकिल रिक्शों के लिए आरक्षित स्थानों पर दुपहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे रिक्शा चालकों को अपने रिक्शे स्कूटियों के आगे खड़े करने पड़ते हैं। नतीजतन सुबह सात बजे से ही लाइब्रेरी बाजार में जाम लगना शुरू हो जाता है। गांधी चैक स्थित लाइब्रेरी भवन के सामने टैक्सी और दुपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रही है।
मोतीलाल नेहरू मार्ग पर सड़क के दोनों ओर रेंटल स्कूटियां खड़ी करना लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। वहीं सर्कुलर रोड और स्प्रिंग रोड पर चारपहिया टैक्सी वाहनों की पार्किंग के कारण करीब डेढ़ किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे से अधिक समय लग रहा है। लोगों को अपने घर पहुंचने तक जाम से जूझना पड़ता है। अब पिक्चर पैलेस से नगर पालिका जाने वाले मार्ग पर भी बड़ी संख्या में रेंटल स्कूटियां खड़ी की जाने लगी हैं। नगर पालिका की ओर से समय-समय पर सड़क किनारे खड़ी रेंटल स्कूटियों को जब्त कर कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कार्रवाई का स्थायी असर क्यों नहीं हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल चालान और अस्थायी जब्ती से समस्या का समाधान संभव नहीं है। नगर पालिका, पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग पर प्रभावी अंकुश लगाना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, बार-बार नियम तोड़ने वालों के परमिट अथवा लाइसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पर्यटन नगरी की यातायात व्यवस्था और अधिक बदहाल हो सकती है।
