विजय जोशी के नाबाद अर्धशतक से थंडर्स की जीत, ब्लास्टर्स ने भी मारी बाजी
1 min read
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए दो लीग मुकाबलों में दून थंडर्स और दून ब्लास्टर्स ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में विजय जोशी के नाबाद 70 रन की बदौलत दून थंडर्स ने दून स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में दून ब्लास्टर्स ने कप्तान शिवेश शर्मा और उत्कर्ष बिष्ट के शानदार प्रदर्शन के दम पर दून सुपर टाइटंस को 31 रन से शिकस्त दी।
पहले मुकाबले में दून ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 132 रन बनाए। उत्कर्ष बिष्ट ने 34, कप्तान शिवेश शर्मा ने 29 और हर्ष उनियाल ने 20 रन बनाए। दून सुपर टाइटंस की ओर से प्रकाश भंडारी ने तीन विकेट लिए। जवाब में सुपर टाइटंस की टीम 18.1 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। अभिषेक मिश्रा ने 16 और विकास गुसाईं ने 13 रन बनाए। ब्लास्टर्स की ओर से शिवेश शर्मा और उत्कर्ष बिष्ट ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि हिमांशु बरमोला ने दो विकेट हासिल किए।
दूसरे मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 141 रन बनाए। सोबन गुसाईं ने 58 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए। सुमन ने 17 और उपेंद्र राणा ने 15 रन का योगदान दिया। दून थंडर्स की ओर से मनोज ने तीन और मनमोहन पंवार ने दो विकेट लिए। जवाब में दून थंडर्स ने 17.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विजय जोशी ने नाबाद 70, दीपक पुरोहित ने 33 और कप्तान ठाकुर नेगी ने नाबाद 18 रन बनाए। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, पूर्व महामंत्री सुरेंद्र डसीला आदि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा-स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखण्ड के शहरों की यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय, अन्य निकाय भी इससे प्रेरणा लेकर स्वच्छता के क्षेत्र में करें बेहतर प्रदर्शन’
