छठ पूजाः शुक्रवार से आस्था का महापर्व शुरू
1 min read
देहरादून।राजधानी देहरादून में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं, जो 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होकर 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होगा।
राजधानी दून में छठ महापर्व का उल्लास दिखने लगा है। बाजार से लेकर छठ घाट पर तैयारी तेज हो गई है। घाटों को सजाने संवारने का काम भी तेज कर दिया गया है। वही, बाजार में भी खरीदारी के लिए खरीदार उमड़ने लगे है।
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ 13 नवंबर को नहाय खाय के साथ शुरू होने जा रहा है। पहले दिन नहाय खाय होगा और अगले दिन खरना होगा। इसके बाद 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य होगा और अगले दिन उषा अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।महापर्व को लेकर दून में तैयारियां तेज हो गई हैं। बिहारी महासभा और पूर्वांचल सांस्कृतिक मंच समेत अन्य समितियों की ओर से घाटो पर तैयारी तेज हो गई है। पूजा के लिए शहर में 30 से ज़्यादा घाट तैयार किए जा रहे हैं। घाटों की सफाई के बाद अब समतलीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।ब्रह्मपुरी छठ पार्क में भी घाट की संख्या बढ़ाई जा रही है। पहले यहां दो घाट पर पूजा होती थी। छठ व्रतियो की संख्या को देखते हुए अब एक घाट और बढ़ाया जा रहा है। वही, बाजार में भी फल, सूप, दउरा समेत पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है।
