अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगाने की योजना का विरोध, मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन
1 min read
मसूरी। मालरोड स्थित अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगाए जाने की प्रस्तावित योजना के विरोध में मजदूर संघ ने उपजिलाधिकारी राहुल आनंद को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि झूलाघर से गांधी चौक के बीच साइकिल रिक्शा स्थानीय लोगों और पर्यटकों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगाए जाने से रिक्शा श्रमिकों के कामकाज और उनकी रोजी-रोटी पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
ज्ञापन में मजदूर संघ ने बताया कि झूलाघर से गांधी चौक तक साइकिल रिक्शा के माध्यम से स्थानीय लोग और पर्यटक आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर बोलार्ड लगाए जाने से रिक्शा संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे श्रमिकों की आजीविका पर संकट खड़ा होगा।
संघ ने प्रशासन से मांग की कि झूलाघर से गांधी चौक के बीच किसी भी स्थान पर बोलार्ड न लगाए जाएं। साथ ही अंबेडकर चौक पर बोलार्ड लगाने की प्रस्तावित योजना को स्थगित किया जाए, ताकि रिक्शा श्रमिकों के हित सुरक्षित रह सकें।
मजदूर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों के साथ उन श्रमिकों की आजीविका का भी ध्यान रखा जाना चाहिए, जो लंबे समय से साइकिल रिक्शा चलाकर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में मजदूर संघ अध्यक्ष संपत लाल, महासचिव सोबन पंवार, मिजान लाल, जगत लाल और महिपाल पंवार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
