आईडीएच डंपिंग जोन में कूड़े के ढेर से लोग बेहाल, सभासदों ने खोला मोर्चा, डंपिंग जोन में दिया धरना
1 min read
मसूरी। टिहरी बाईपास रोड स्थित आईडीएच डंपिंग जोन में लंबे समय से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध बढ़ती जा रही है। इससे स्थानीय निवासियों का रहना मुश्किल हो गया है। परेशान क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर क्षेत्रीय सभासद बबीता मल्ल के नेतृत्व में सभासदों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन तथा कूड़ा प्रबंधन का जिम्मा संभाल रही कार्यदायी संस्था लॉर्ड शिवा के खिलाफ धरना दिया। अधिशासी अधिकारी की ओर से तीन दिन के भीतर कूड़ा उठाने और समस्या का समाधान करने का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त किया गया।
एनएच-707ए टिहरी बाईपास रोड स्थित डंपिंग जोन में कूड़ा जमा होने से उठ रही दुर्गंध ने आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण गंदगी बढ़ रही है। दुर्गंध से बच्चों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी नाक-मुंह ढककर निकलना पड़ रहा है।
धरने को समर्थन देने पहुंचे सभासद सचिन गुहेर ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। यदि अधिकारी समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते, तो हालात इतने खराब नहीं होते। उन्होंने डंपिंग जोन में गीले कूड़े के प्रबंधन पर भी सवाल उठाए।
सभासद गौरव गुप्ता ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या जायज है। कूड़ा सड़ने के कारण यहां रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से कूड़ा प्रबंधन का जिम्मा संभाल रही लॉर्ड शिवा संस्था अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने संस्था का अनुबंध निरस्त कर किसी सक्षम संस्था को जिम्मेदारी सौंपने की मांग की।
सभासद नरेश प्रताप मल्ल ने कहा कि क्षेत्रवासी लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने जैविक खाद संयंत्र की स्थिति और उस पर खर्च किए जा रहे धन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि कूड़े की दुर्गंध लंढौर तक पहुंच रही है और नगर पालिका की कार्यप्रणाली से सभासदों में भी नाराजगी है।
धरने के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से फोन पर वार्ता की गई। उन्होंने तीन दिन के भीतर कूड़ा उठाने और संबंधित समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। धरने में सभासद बबीता मल्ल, सचिन गुहेर, गौरव गुप्ता, नरेश प्रताप मल्ल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
