पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के लिए दिया ज्ञापन

मसूरी। नगर पालिका सभासद गीता कुर्माईं ने मसूरी में पर्यावरण संरक्षण के तहत चलाई जा रही मुहिम मिशन ग्रीन मसूरी के तहत मसूरी वन विभाग के क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन देकर पेड़ों पर कील पोस्टर लगाये जाने से पेडों को हो रहे नुकसान को रोकने व पर्यटकों को वन टूरिस्ट वन प्लाट के तहत पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित करने व मसूरी के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर स्वच्छ एवं पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के लिए ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा कि मालरोड सहित अन्य स्थानों पर पेडों पर कीलें ठोककर पोस्टर लगाये जा रहे हैं, जिससे पेडों को नुकसान हो रहा है, ऐसे में पेड़ों को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए जनजागरूकता की जाय। ज्ञापन में मिशन ग्रीन मसूरी के तहत वन विभाग से मांग की गयी कि एक पर्यटक एक पौधा कार्यक्रम चलाकर पर्यटकों को मसूरी के पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाय, वही स्कूल के बच्चों को प्लांट अंगीकृत करने व जंगलों को आग से बचाने के लिए व प्लास्टिक फ्री मसूरी बनाने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाय। सभासद गीता कुमाई ने इस संबंध में कहा कि मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग का कार्य नहीं है, बल्कि समाज एवं प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है, इसके लिए जन सहभागिता के साथ छोटे छोटे प्रयास किए जाने चाहिए ताकि मसूरी को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मसूरी केवल एक पर्यटक स्थल ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक विरासत एवं आने वाली पीढी की अमूल्य धरोहर है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.