अनुज गुप्ता के आरोपों पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल का पलटवार

मसूरी। पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता पर शासन की जांच के बाद 11 करोड़ 30 लाख रुपये की वसूली की कार्रवाई की संस्तुति किए जाने के मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अनुज गुप्ता द्वारा कार्रवाई को आधारहीन बताते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई होना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इससे घबराकर दूसरों पर आरोप लगाना अनुज गुप्ता की बौखलाहट को दर्शाता है।
रजत अग्रवाल ने कहा कि सरकार की स्पष्ट व्यवस्था है कि भ्रष्टाचार में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है, चाहे वह नेता हो, अधिकारी हो या कोई अन्य व्यक्ति। पूर्व पालिका बोर्ड के कार्यकाल में प्रशासनिक जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आईं और करीब 11 करोड़ 30 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसमें मंत्री गणेश जोशी की कोई भूमिका नहीं है। यह पूरी तरह प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अनुज गुप्ता अपने कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार और जनता के धन के दुरुपयोग के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए मंत्री पर आरोप लगा रहे हैं। अग्रवाल ने कहा कि जब कार्रवाई की बात सामने आई तो अनुज गुप्ता ने उन पर भी आरोप लगाए और हाथ उठाने तक की घटना हुई। यह उनकी हताशा और बौखलाहट का प्रमाण है।
आगामी विधानसभा चुनाव में दावेदारी को लेकर भी रजत अग्रवाल ने अनुज गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी राजनीतिक छवि चमकाने की कोशिश करना जल्दबाजी है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथों की जानकारी तक नहीं रखने वाले व्यक्ति का अभी से चुनावी दावेदारी करना समझ से परे है। कांग्रेस में पहले से ही कई वरिष्ठ नेता दावेदारी कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें अपनी राजनीतिक स्थिति का आकलन करना चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि अनुज गुप्ता के पालिकाध्यक्ष रहते हुए भी विभिन्न मामलों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया चलती रही है। वर्तमान मामला भी उसी जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि अनुज गुप्ता निर्दोष साबित होते हैं तो उन्हें सामान्य नागरिक की तरह जीवन जीने का पूरा अधिकार है, लेकिन दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ईडी और सीबीआई जांच के लिए तैयार होने संबंधी अनुज गुप्ता के बयान पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय के समक्ष है। न्यायालय जो भी निर्णय देगा, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.