एमपीजी कॉलेज में पहली बार हुई बौद्धिक परीक्षा, 35 विद्यार्थियों ने परखी अपनी प्रतिभाग

1 min read

मसूरी। एमपीजी कॉलेज मसूरी में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड की ओर से आयोजित बौद्धिक परीक्षा-2.0 पहली बार सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके लिए कुल 54 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 35 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड की ओर से प्रदेशभर में 118 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान, विषयगत समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण को विकसित करना है। परीक्षा के लिए कला एवं विज्ञान सहित विभिन्न विषयों को शामिल करते हुए समग्र प्रश्नपत्र तैयार किया गया था।
प्रश्नपत्र में 80 बहुविकल्पीय प्रश्नों के साथ एक विस्तृत उत्तरीय प्रश्न भी शामिल किया गया था, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों की विषयगत समझ और विचारों को अभिव्यक्त करने की क्षमता का आकलन किया गया।
परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेरिट प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राज्य और संस्थान स्तर पर भी विभिन्न सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। एमपीजी कॉलेज मसूरी में परीक्षा के सफल संचालन के लिए डॉ. रुचि बडोनी सेमवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। परीक्षा संचालन में डॉ. गंगासरन, डॉ. तुषार कंडारी, डॉ. वर्षा, डॉ. भारतेंदु बिष्ट एवं नीलम ने सहयोग किया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.