आपदा से बचाव के लिए घटना से पहले तैयारी जरूरीः डॉ. संजय

1 min read

मसूरी। प्राकृतिक आपदाओं को रोकना हमेशा संभव नहीं है, लेकिन बेहतर योजना, समय पर चेतावनी और निरंतर तैयारी से उनसे होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए सरकारी तंत्र के साथ आम जनता में भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता जरूरी है। यह बात पद्मश्री सम्मानित एवं एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बी.के.एस. संजय ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला श्डिजास्टर मेडिसिन एंड ग्लोबल हेल्थ सिक्योरिटी का उद्घाटन करते हुए कही।
16 से 18 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन एम्स गुवाहाटी ने डॉक्टर्स फॉर यू और सेविंग लाइव्स इंटरनेशनल के सहयोग से तथा एसआरआईएचईआर के समर्थन से किया है। डॉ. संजय ने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति और विविधता इसे कई प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती है। हिमालयी क्षेत्रों में भूकंप, नदी तंत्र के कारण बाढ़, तटीय क्षेत्रों में चक्रवात और शुष्क इलाकों में सूखे का खतरा बना रहता है। ऐसे में आपदा प्रबंधन की जानकारी केवल वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और प्रशासन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे आम नागरिकों तक पहुंचाना आवश्यक है। आपदा की तैयारी किसी घटना के बाद नहीं, बल्कि हर समय होनी चाहिए।
उन्होंने भूकंपरोधी भवन निर्माण, सक्रिय नदी क्षेत्रों और बाढ़ संभावित इलाकों में बस्तियों एवं निर्माण कार्यों पर रोक लगाने तथा आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में अनियोजित भीड़भाड़ से बचने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरों की योजना बनाते समय पर्याप्त सड़कें, खुले स्थान और आपातकालीन निकासी मार्ग सुनिश्चित किए जाने चाहिए। सड़कें शरीर की रक्त वाहिकाओं की तरह हैं, जो आपदा के समय एंबुलेंस, राहत और बचाव दलों की आवाजाही का माध्यम बनती हैं। इसके साथ ही आवासीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है।
कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सामूहिक तैयारियों और समन्वित प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए सुरक्षित वाहनों, जिम्मेदार वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन और त्वरित आघात चिकित्सा की व्यवस्था पर भी बल दिया। कार्यशाला में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ रक्षा विशेषज्ञों, जलवायु विशेषज्ञों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भी विचार रखे। प्रमुख वक्ताओं में वर्ल्ड एसोसिएशन फॉर डिजास्टर एंड इमरजेंसी मेडिसिन के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड डोनाह्यू, सेविंग लाइव्स इंटरनेशनल यूके के डॉ. पीटर पटेल, एम्स गुवाहाटी के कार्यकारी निदेशक प्रो. अशोक पुराणिक, प्रो. टी.वी. रामकृष्णन, प्रो. वर्जीनिया मरे, डॉ. रॉब रसेल, डॉ. के. सेल्वराजन, डॉ. आकाश श्रीवास्तव, डॉ. बिनोद पात्रा सहित भारत और नेपाल के कई विशेषज्ञ शामिल रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.