मसूरी अल्ट्रा मैराथन में हैप्पी पंवार और नूपुर नानगिया ने मारी बाजी
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में सिने अभिनेता टॉम आल्टर की स्मृति में आयोजित दूसरी मसूरी अल्ट्रा मैराथन में देशभर से पहुंचे धावकों ने उत्साह और दमखम का प्रदर्शन किया। 50 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन में पुरुष वर्ग में हैप्पी पंवार और महिला वर्ग में नूपुर नानगिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। मालरोड स्थित कुलड़ी पुलिस चैकी के निकट रविवार सुबह साढ़े छह बजे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और वार्मअप सत्र के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह, आईटीबीपी के महानिरीक्षक गिरीश चंद्र उपाध्याय, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, सेलिब्रिटी आइकॉन एवं पूर्व मिसेज यूनिवर्स इंडिया अनुराधा गर्ग तथा आयोजक संदीप साहनी ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। सबसे पहले 50 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन और 42.2 किलोमीटर फुल मैराथन के प्रतिभागियों ने दौड़ शुरू की। इसके बाद 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। पूरे मार्ग पर स्थानीय लोगों ने तालियां बजाकर और हाथ हिलाकर धावकों का उत्साहवर्धन किया।
विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं ने दिखाया दमखम
पांच किलोमीटर बालक वर्ग में शिवम ने 19 मिनट 17 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। नीरज भट्ट दूसरे और आयुष शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में प्रियांशी प्रथम, करिश्मा द्वितीय और बबीता रौंतेला तृतीय रहीं। 10 किलोमीटर बालक वर्ग में चंदन सिंह बिष्ट 42 मिनट 36 सेकेंड के साथ प्रथम रहे। दिव्यांशु दूसरे और रमन सिंह तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में ईशा ने पहला, स्वाति सजवान ने दूसरा और शिवानी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन पुरुष वर्ग में मोहित सैनी ने एक घंटा 24 मिनट 17 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वसु अग्रवाल दूसरे और फैसल अंसारी तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में दुर्गा प्रथम, गंगा सिंघल द्वितीय और कोमल तृतीय रहीं।
42.2 किलोमीटर फुल मैराथन पुरुष वर्ग में अक्षित अग्रवाल तीन घंटे 42 मिनट 53 सेकेंड के साथ विजेता बने। सिद्धार्थ बख्शी दूसरे और अर्जुन वसीसी तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सफोर्न लारा टॉम ने पहला, कोमल अरोड़ा ने दूसरा और दिव्या वशिष्ठ ने तीसरा स्थान हासिल किया।
50 किलोमीटर में हैप्पी और नूपुर रहे अव्वल
प्रतियोगिता की मुख्य श्रेणी 50 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन पुरुष वर्ग में हैप्पी पंवार ने तीन घंटे 57 मिनट 21 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। टिस्विंग टोम्चोस तक्पा चार घंटे नौ मिनट 26 सेकेंड के साथ दूसरे और ऋषभ चार घंटे 11 मिनट एक सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में नूपुर नानगिया छह घंटे 25 मिनट एक सेकेंड के साथ प्रथम रहीं। उषा पालिवाल दूसरे और पमेला बहल तीसरे स्थान पर रहीं। पुरस्कार वितरण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता धावकों को सम्मानित करते हुए कहा कि टॉम आल्टर की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता मसूरी को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक होगी। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासन को भी मजबूत बनाते हैं। शिक्षा रोजगार का अवसर दे सकती है, जबकि खेल जीवन जीने की ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए प्रत्येक व्यक्ति से किसी न किसी खेल गतिविधि से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर अगले वर्ष 21 नवंबर 2027 को तीसरी मसूरी अल्ट्रा मैराथन आयोजित करने की घोषणा भी की गई। प्रतियोगिता के समापन पर प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मैक्स अस्पताल की ओर से धावकों को फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
आयोजक संदीप साहनी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने संत निरंकारी मिशन का विशेष धन्यवाद किया, जिसने 125 स्वयंसेवकों के माध्यम से व्यवस्थाओं में सहयोग दिया तथा उनके रहने और भोजन की व्यवस्था भी की।
पुरस्कार वितरण समारोह में आईटीबीपी के ब्रास बैंड और संत निरंकारी मिशन के लाइव बैंड ने प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, संत निरंकारी मिशन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, मोहन पेटवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अरविंद सेमवाल, अजय मार्क, जिमी आल्टर, सूरत सिंह रावत, सुरेश गोयल, रजत कपूर, दीपक, मनोरंजन त्रिपाठी, बीएस नेगी, विजय जुगराण, सतीश ढौडियाल, जगजीत कुकरेजा, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
