आस संस्था ने 20 टीबी मरीजों को वितरित किया मासिक पोषाहार

मसूरी। उप जिला चिकित्सालय लंढौर में आस संस्था की ओर से 20 टीबी मरीजों को मासिक पोषाहार वितरित किया गया। इस दौरान मरीजों का वजन और लंबाई मापने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। चिकित्सकों एवं संस्था के प्रतिनिधियों ने मरीजों को पौष्टिक और प्रोटीनयुक्त भोजन नियमित रूप से लेने की सलाह दी।
चिकित्सालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मरीजों को पोषाहार किट वितरित की गई। सर्दियों के मौसम को देखते हुए उन्हें विशेष सावधानी बरतने तथा ठंड से बचाव करने के लिए कहा गया। मरीजों के परिजनों से भी उनके खानपान और देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई, ताकि उपचार के दौरान उन्हें बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
जिन मरीजों का उपचार पूरा हो चुका है और दवाइयां बंद हो गई हैं, उन्हें भी नियमित खानपान में प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में इंद्र सूर्या फाउंडेशन मसूरी के अध्यक्ष कर्नल अनिल थापा ने आस संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए टीबी मरीजों के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान कुछ मरीजों का फेस ऑथेंटिकेशन भी किया गया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में कर्नल अनिल थापा, टीएस बृहस्पति कोठियाल, मनीषा, प्रवीण सती, एसटीएल, टीबी चैंपियन स्वयंसेवक संजोगिता, प्रिया, टीबी मरीज एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.