प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की देता है प्रेरणाः मंत्री गणेश जोशी

1 min read

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 175 पर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना। इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री प्रत्येक संस्करण में देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों, नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाने और उन्हें वापस पाने के लिए संचार साथी पोर्टल की सुविधाओं के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को आत्मसात करते हुए सभी को सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मंजीत रावत, मोहन पेटवाल, सतीश ढौडियाल, अमरदेव भट्ट, आशीष जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.