खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करतेः गणेश जोशी

1 min read

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को शेरपुर स्थित श्रीराम सेंट्रल स्कूल के वार्षिक खेल दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंत्री ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। गणेश जोशी ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास में भी सहायक होते हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि खेल हमें हार और जीत दोनों को समान भाव से स्वीकार करना सिखाते हैं। जीत आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और विद्यालय, परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया जैसे अभियानों से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अनिल गर्ग, निदेशक गौरव गर्ग, प्रधानाचार्य एसके मिश्रा, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.