लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने जीती अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैंलेंज

1 min read

मसूरी। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का बुधवार को मसूरी में समापन हो गया। प्रतियोगिता में लद्दाख के 19 वर्षीय साइकिलिस्ट त्सेवांग नोरबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने एशिया यूनियन टीसीएस रेसिंग टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 23 घंटे 31 मिनट 2 सेकेंड में कुल 658 किलोमीटर की दूरी पूरी की।
हरियाणा के शिवेन ने 23 घंटे 40 मिनट 1 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि भारतीय सेना की एडवेंचर टीम के खुशीमन घरती 23 घंटे 40 मिनट 20 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मसूरी-टिहरी बाईपास रोड स्थित लक्ष्मणपुरी में प्रतियोगिता के अंतिम चरण के समापन पर स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने साइकिलिस्टों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, आरएन भार्गव इंटर कॉलेज और सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सड़क किनारे खड़े होकर खिलाड़ियों का हाथ हिलाकर अभिनंदन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 नवंबर को नैनीताल जनपद के मुक्तेश्वर से हुआ था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया, जबकि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर साइकिलिस्टों को रवाना किया। देश के 18 राज्यों के साथ ही भारतीय थल सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के कुल 66 साइकिलिस्टों ने इसमें प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता छह चरणों में आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक का चुनौतीपूर्ण सफर तय किया।
कुमाऊं और गढ़वाल के 10 जनपदों को जोड़ने वाली यह प्रतियोगिता उत्तराखंड की भौगोलिक विविधता और आपसी एकता का प्रतीक बनी। मार्ग में अनेक स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर खिलाड़ियों का स्वागत किया। त्सेवांग नोरबू ने शुरुआती दोनों चरण जीतकर बढ़त बनाई और अंतिम चरण तक इसे बरकरार रखा। तीसरे चरण में शिवेन ने बेहद मामूली अंतर से नोरबू को पीछे छोड़ा। वहीं खुशीमन घरती ने अंतिम तीन चरणों में लगातार जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता का सबसे लंबा चरण बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर का रहा।
सायंकाल टाउन हॉल मसूरी में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन और मसूरी होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह और कोषाध्यक्ष विमल चैधरी उपस्थित रहे।
गणेश जोशी ने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित कर रहे हैं। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
पर्यटन सचिव एवं उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने कुमाऊं से गढ़वाल तक 658 किलोमीटर का सफर तय कर प्रदेश की एकता का संदेश दिया है। उत्तराखंड के पर्वतीय मार्ग साहसिक खेलों के लिए बेहतरीन गंतव्य हैं। ऐसे आयोजनों से कम चर्चित पर्यटन स्थल भी पहचान बना रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में होमस्टे तथा स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं। हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड को वर्षभर साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाए।
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कम चर्चित पर्वतीय क्षेत्रों और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, जीएमवीएन, केएमवीएन, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और मार्ग के ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक प्रचार अमित लोहनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से आगामी 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त माणा पास से 100 मील हिमालयन एंड्योरेंस रन सहित वर्षभर विभिन्न साहसिक आयोजन प्रस्तावित हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.