मसूरी में बदहाल सीवेज व्यवस्था से 24 परिवार परेशान, विभागों को 15 दिन की चेतावनी
1 min read
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के वार्ड नंबर सात में हीरा भवन और सम्राट होटल के समीप सीवेज की समस्या ने करीब 24 परिवारों का जीवन मुश्किल कर दिया है। क्षेत्र में सीवर लाइन फटने और ओवरफ्लो होने से गंदा पानी खुले में बह रहा है। हालात यह हैं कि पिछले 24 घंटे से होटलों का सीवेज सड़कों और रास्तों पर बह रहा है तथा गंदा पानी और मल-मूत्र लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वे पिछले करीब एक वर्ष से इस गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
नगर पालिका सभासद अमित भट्ट ने मामले को गंभीर बताते हुए जल संस्थान और जल निगम को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में सीवेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय निवासियों के साथ शहीद भगत सिंह चैक बैरियर पर संबंधित विभागों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। सभासद अमित भट्ट ने बताया कि क्षेत्र में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। कई लोग अपने व्यवसाय और काम पर नहीं जा पा रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को गंदे पानी से बचने के लिए जूतों के ऊपर पॉलिथीन बांधकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। वहीं अभिभावक जोखिम उठाकर पुस्ते के रास्ते बच्चों को स्कूल पहुंचाने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि घरों के आसपास सीवेज जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और लोगों को संक्रमण तथा गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी पिछले छह महीने से लगातार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सभासद के अनुसार, पूर्व में सीवेज व्यवस्था सुधारने के लिए निविदा भी जारी की गई थी, लेकिन बाद में उसे निरस्त कर दिया गया। इसके बाद नई व्यवस्था को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी स्थानीय लोगों को नहीं दी गई। हीरा भवन, राम भवन और क्लिफ कॉटेज क्षेत्र के निवासी पिछले आठ महीने से अधिक समय से जल निगम से सीवर लाइन दुरुस्त करने अथवा नई लाइन बिछाने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवेज की समस्या अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई कर स्थायी समाधान करने की मांग की है।
