आपदा से निपटने के लिए छात्राओं को आईटीबीपी ने सिखाए जीवन-रक्षा के गुर
1 min read
मसूरी। रोटरी क्लब ऑफ मसूरी की ओर से सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में जीवन-रक्षक एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) मसूरी के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज और सनातन धर्म संस्कृत पाठशाला की करीब 200 छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए।
प्रशिक्षण के दौरान आईटीबीपी के इंस्पेक्टर अखिलेश प्रताप और उनकी टीम ने भूकंप के समय अपनाई जाने वाली झुको, ढको और पकड़ो तकनीक, खोज एवं बचाव कार्य, मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा घायलों को उठाने के तरीके बताए। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा, अत्यधिक रक्तस्राव रोकने, हड्डी टूटने पर प्राथमिक उपचार देने और उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
छात्राओं को रस्सियों के माध्यम से बचाव कार्य करने, आग लगने पर सुरक्षित बाहर निकलने तथा अग्निशामक यंत्रों के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए छात्राओं से विभिन्न जीवन-रक्षक तकनीकों का अभ्यास और प्रदर्शन कराया गया। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ इसमें प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल ने किया, जबकि संचालन रोटेरियन मयूर गर्ग ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से छात्राओं को पाठ्यक्रम से अलग महत्वपूर्ण व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिलता है, जो आपातकालीन परिस्थितियों में किसी की जान बचाने में उपयोगी साबित हो सकते हैं। इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के संरक्षक राकेश अग्रवाल, मनोरंजन त्रिपाठी, नूपुर कर्णवाल कैंतुरा, शैलेंद्र कर्णवाल, दीपक गुप्ता, संजय अग्रवाल, शिवम अग्रवाल और विनेश संघल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
