श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की पूर्व छात्र मिलन समारोह में सजी यादों की महफिल

1 min read

देहरादून। जिंदगी की भागदौड़ और वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जब पुराने सहपाठी एक बार फिर विश्वविद्यालय के आंगन में मिले तो यादों का कारवां चल पड़ा। किसी को कक्षाओं में बिताए दिन याद आए तो कोई कैंटीन की मस्ती और दोस्तों के साथ की गई शरारतों को याद कर भावुक हो उठा। मौका था गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र मिलन समारोह-2026 का, जिसमें गीत-संगीत, नृत्य और पुरानी यादों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। विश्वविद्यालय के पथरी बाग परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ कुलपति डॉ. विपिन चंद्र घिल्डियाल और कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. घिल्डियाल ने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी विश्वविद्यालय की अमूल्य धरोहर और उसकी उपलब्धियों के सशक्त प्रतिनिधि होते हैं। विश्वविद्यालय ने अपने पूर्व विद्यार्थियों से सीखने, आगे बढ़ने और संस्थान को कुछ लौटाने की भावना के साथ जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उन्हें अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बिताया गया समय केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यही समय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य की नींव तैयार करता है। पूर्व छात्र-छात्राओं की उपलब्धियां संस्थान के लिए गौरव का विषय हैं और उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है।
कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि पूर्व छात्र मिलन समारोह पुराने रिश्तों को फिर से जीवंत करने और नई पीढ़ी के साथ अनुभव साझा करने का बेहतरीन अवसर है। विश्वविद्यालय अपने सभी पूर्व विद्यार्थियों का परिवार की तरह स्वागत करता है और उम्मीद करता है कि संस्थान के साथ उनका आत्मीय संबंध निरंतर मजबूत होता रहेगा। समारोह का सबसे भावुक क्षण अनुभव साझा करने का सत्र रहा। इसमें वर्षों बाद मिले पुराने दोस्तों ने पढ़ाई के दिनों के किस्से, अपने संघर्ष, सफलता और जीवन के सफर की कहानियां साझा कीं। पुराने शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिसर से दोबारा मिलकर कई पूर्व छात्र भावुक नजर आए।
इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। पूर्व छात्रों ने गीत गाए, नृत्य प्रस्तुतियां दीं और मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संगीत और मस्ती का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। इस दौरान उम्र और वर्षों का फासला मानो कुछ पलों में ही मिट गया। पूर्व छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय में बिताए दिन जीवन की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल हैं। वर्षों बाद अपने संस्थान लौटना उनके लिए घर वापसी जैसा अनुभव रहा। समारोह ने पुरानी दोस्ती को नई ऊर्जा देने के साथ वर्तमान विद्यार्थियों को भी वरिष्ठों के अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.