लाला मिल्कीराम स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता में शिशु मंदिर ने मारी बाजी

1 min read

मसूरी। रोटरी क्लब मसूरी के तत्वावधान में आयोजित लाला मिल्कीराम स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में पांच विद्यालयों के दस प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का विषय श्युवा और सोशल मीडिया रू युवाओं के जुड़ने का माध्यम या अवसाद का कारण रखा गया था। इस विषय पर प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, तर्कशक्ति और वाकपटुता का परिचय देते हुए सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं को सामने रखा। विद्यार्थियों के तार्किक विचारों और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने निर्णायक मंडल को भी प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में आरएन भार्गव इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर तथा राजकीय इंटर कॉलेज कैंपटी के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर मसूरी ने लाला मिल्कीराम स्मृति चल वैजयंती के साथ ओवरऑल विजेता विद्यालय की ट्रॉफी भी प्राप्त की। सनातन धर्म इंटर कॉलेज की छात्रा मिस्बाह को सर्वश्रेष्ठ वक्ता एवं सर्वश्रेष्ठ प्रत्याख्यान के दोनों पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र आदर्श रावत को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ वक्ता का पुरस्कार मिला। चल वैजयंती ट्रॉफी लगातार दो वर्षों तक विजेता रहने वाले विद्यालय को स्थायी रूप से प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब के अध्यक्ष अश्विनी मित्तल ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष शलभ गर्ग ने की। शलभ गर्ग अपने पूर्वजों की स्मृति में प्रतिवर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाते हैं और विजेताओं को दी जाने वाली ट्रॉफियां भी प्रायोजित करते हैं। निर्णायक मंडल में रोटरी के पूर्व अध्यक्ष आलोक मेहरोत्रा, सेंट जोसेफ कॉलेज की हिंदी अध्यापिका सुनीता जखमोला तथा मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के हिंदी अध्यापक रघुवीर नेगी शामिल रहे।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव शिवम अग्रवाल, पूर्व मंडलाध्यक्ष रणबीर सिंह, शैलेन्द्र करणवाल, मनमोहन करणवाल एवं विनेश संगल उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पूर्व अध्यक्ष विपुल मित्तल ने किया। रोटरी क्लब की गतिविधियों की जानकारी शैलेन्द्र करणवाल ने दी, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष डीके जैन ने प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, भाषाई कौशल, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना था।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.