नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, श्रीयांश सेमवाल बने ऑलराउंडर

1 min read

मसूरी। बाल शिक्षा सदन मसूरी का 45वां वार्षिकोत्सव नन्हे बच्चों की आकर्षक, आत्मविश्वास से परिपूर्ण और मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर वर्षभर शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वार्षिकोत्सव में विद्यालय के बच्चों ने कविता पाठ, शिक्षाप्रद कहानियों और रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल की सभी ने सराहना की।
समारोह में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथि सिस्टर प्रेमा, सिस्टर फ्लोरेंस, पालिका सभासद अमित भट्ट, मेघा रावत, संगीता डोभाल, मनोज नौटियाल, वैशाली राणा और रजनी रावत ने पुरस्कार प्रदान किए। इसमें मैथिली शर्मा को सर्वश्रेष्ठ नृत्यांगना, श्रीयांश सेमवाल को सर्वांगीण प्रतिभा संपन्न विद्यार्थी तथा युविका गौड़ को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक भारत भूषण ने अभिभावकों से बच्चों के लिए समय निकालने और उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच परिवार और बच्चों को पर्याप्त समय देना बेहद जरूरी है। परिवार में महिलाओं का सम्मान भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बच्चे मौखिक ज्ञान से अधिक अपने माता-पिता के आचरण और व्यवहार से सीखते हैं। इसलिए अभिभावकों को स्वयं अपने व्यवहार से बच्चों के सामने अच्छे संस्कारों का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.