धोखाधड़ी के आरोपों को पूर्व मेयर गामा ने बताया राजनीतिक साजिश, बोले-कानूनी लड़ाई लड़ूंगा

मसूरी। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपने ऊपर लगाए जा रहे लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और दुकानों से जुड़े आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले लोगों के खिलाफ मानहानि सहित आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मसूरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गामा ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे और आरोपों के पीछे शामिल लोगों को बेनकाब करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण से उनके परिवार को भी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गामा ने कहा कि जिन लोगों की ओर से उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें उन्होंने नौकरी और दुकान तक उपलब्ध कराई थी। उन्होंने आरोप लगाने वालों से कथित 40 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया था और इस मामले में 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने का भी आरोप लगाया।
पूर्व मेयर ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में वह दोषी पाए जाते हैं तो सजा भुगतने के लिए तैयार हैं, लेकिन यदि आरोप झूठे साबित होते हैं तो आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन आरोपों से उनकी चार दशक की राजनीतिक छवि प्रभावित हो रही है। यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
मसूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी के सवाल पर गामा ने कहा कि वह इस सीट से प्रबल दावेदार हैं और पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादून नगर निगम के 18 वार्ड शामिल हैं, जहां से बड़ी संख्या में मतदाता आते हैं। इस आधार पर भी वह अपनी दावेदारी को मजबूत मानते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी इस विषय पर विचार कर रही है। गामा के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में मामला और चर्चा में आ गया है। अब इस प्रकरण में प्रशासनिक जांच और संभावित कानूनी कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पत्रकार वार्ता में अनिल डबराल और गिरिराज उनियाल भी मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.