हिल बर्ड स्कूल की एथलेटिक्स मीट में दिखा दमखम, रूबी हाउस बना ओवरऑल चैंपियन

1 min read

मसूरी। बार्लोगंज स्थित हिल बर्ड स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ आयोजित की गई। एथलेटिक्स मीट में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर रूबी हाउस ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि एमराल्ड हाउस को उत्कृष्ट मार्च पास्ट के लिए ट्रॉफी प्रदान की गई।
एथलेटिक्स मीट का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्य कुसुम एन. द्विवेदी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अनुशासन, समर्पण तथा निष्पक्ष खेल भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने कदम से कदम मिलाकर मार्च किया और एकता, अनुशासन तथा टीम भावना का परिचय दिया। इसके बाद पीटी डिस्प्ले, डंबल ड्रिल, लेजियम ड्रिल, पोम-पोम ड्रिल, रिबन डांस और हूपला ड्रिल सहित कई रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों के शानदार तालमेल और ऊर्जा ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत दौड़, विभिन्न ट्रैक रेस, रिले रेस, रस्साकशी और अन्य खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम में अभिभावकों के लिए भी दौड़ आयोजित की गई, जिसने आयोजन को और रोचक बना दिया। अभिभावकों की भागीदारी से विद्यालय और परिवारों के बीच सहभागिता एवं सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा मिला। प्रतियोगिताओं के संचालन में स्पोर्ट्स टीचर रितु ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ट्रैक एवं फील्ड इवेंट्स का प्रबंधन सुमन एल. शर्मा, पीयूष अग्रवाल, अंकित रावत और प्रीति थपली ने किया। कार्यक्रम का संचालन पायल थपली और हर्षिता सेमवाल ने किया।
समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। रूबी हाउस ने शानदार प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती, जबकि एमराल्ड हाउस ने बेहतरीन मार्च पास्ट, अनुशासन और तालमेल के लिए मार्च पास्ट ट्रॉफी हासिल की। विद्यालय परिसर में आयोजित इस खेलोत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का महत्व समझने का अवसर प्रदान किया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.