शरदोत्सव में विद्यार्थियों ने पैदल नापे मसूरी के ऐतिहासिक रास्ते, जाना पहाड़ का गौरवशाली अतीत

1 min read

मसूरी। शरदोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों को मसूरी के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक धरोहर से परिचित कराने के उद्देश्य से हेरिटेज वॉक आयोजित की जा रही हैं। ‘चलो पहाड़’ के माध्यम से आयोजित इन पदयात्राओं में विद्यार्थियों को शहर के ऐतिहासिक स्थलों, पुराने रास्तों, पारंपरिक बस्तियों और पहाड़ी जीवनशैली की जानकारी दी जा रही है। दीपांकर त्रिपाठी अपने सहयोगियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को इन वॉक के माध्यम से मसूरी के गौरवशाली अतीत से परिचित करा रहे हैं।
इसी क्रम में सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं को मसूरी से सटे खट्टा-पानी जोड़ी गांव तक पैदल ट्रैक कराया गया। पदयात्रा विद्यालय परिसर से शुरू हुई और लंढौर गुरुद्वारे से होते हुए देवदार के घने जंगलों के बीच से आगे बढ़ी। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस मार्ग पर छात्राओं ने पहाड़ की शांत वादियों और वन संपदा का आनंद लिया।
वॉक के दौरान छात्राओं को मसूरी के इतिहास, स्थानीय संस्कृति और क्षेत्र की पारंपरिक जीवनशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें अपने आसपास की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को करीब से समझने का अवसर देना है। दूसरी ओर, द मसूरी गर्ल्स एंड बॉयज स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए भी हेरिटेज वॉक आयोजित की गई। विद्यार्थियों को कैमल्स बैक रोड, वहां स्थित सिमेट्री, द रिंक, पिक्चर पैलेस, नगर पालिका, हिमालय क्लब, घंटाघर, कैसल हिल और मलिंगार सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें मसूरी के विकास, ऐतिहासिक महत्व और पुराने शहर की सांस्कृतिक पहचान के बारे में जानकारी दी गई।
हेरिटेज वॉक के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि मसूरी की पहचान केवल पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक दृश्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की पुरानी बस्तियां, ऐतिहासिक मार्ग और स्थानीय परंपराएं भी इसकी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ गाइड प्रख नयाल और सचिन ठाकुर मौजूद रहे। आयोजकों की पहल से विद्यार्थियों में स्थानीय इतिहास, प्राकृतिक धरोहर और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.