चमन लाल महाविद्यालय के 10 छात्र बने सेना का हिस्सा

1 min read
हरिद्वार। चमन लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय (स्वायत्त) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर रक्षा सेवाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हाल ही में घोषित थल सेना अग्निवीर भर्ती के अंतिम परिणाम में महाविद्यालय के नौ विद्यार्थियों का चयन हुआ है। एक का चयन टेरिटोरियल आर्मी में हुआ।
अग्निवीर भर्ती में रोहित कुमार, सागर धीमान, नवीन कुमार, अनिवेश कुमार, हिमांशु गुप्ता, विनीत, आर्यन राणा, मोहम्मद कैफ तथा मोहम्मद उजैर ने सफलता प्राप्त की है। इनमें मोहम्मद उजैर को छोड़कर अन्य सभी विद्यार्थी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट हैं। इसके अतिरिक्त कैडेट सौरभ सिंह का चयन टेरिटोरियल आर्मी में हुआ है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय तथा एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. अपर्णा शर्मा ने बताया कि विगत तीन वर्षों में महाविद्यालय के 25 छात्र-छात्राओं ने सेना, नौसेना, वायुसेना, टेरिटोरियल आर्मी तथा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) सहित विभिन्न रक्षा एवं अर्धसैनिक बलों में सफलता प्राप्त की है।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि आगामी समारोह में इन सभी सफल विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. अरुण हरित ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे अभी से भविष्य की तैयारी जारी रखें, ताकि अग्निवीर के चार वर्ष पूरे होने के बाद भारतीय सेना अथवा अन्य अर्धसैनिक बलों में स्थायी अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी इन युवाओं की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.