पश्चिमी यूपी के परिवार ने हरिद्वार में अपनाया सनातन धर्म
1 min read
हरिद्वार। पश्चिमी यूपी के एक परिवार ने हरिद्वार में धर्म परिवर्तन कर हिंदू धर्म अपना लिया है। धार्मिक संगठनों और साधु-संतों की मौजूदगी में हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान और शुद्धिकरण कर पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों ने हिंदू धर्म अपनाया। धर्म परिवर्तन करने वाले व्यक्ति ने अब अपना नाम बदलकर शंकर रख लिया है। वहीं, उसकी पत्नी का नाम अब सावित्री हो गया है।
अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के महामंत्री रामविशाल दास महाराज, श्री कृष्ण सनातन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कृष्ण, अखाड़ा परिषद के पूर्व प्रवक्ता बाबा हठयोगी और प्रबोधानंद गिरी महाराज ने विधि विधान के बाद पूरे परिवार को हवन यज्ञ भी कराया। शंकर ने हिंदू धर्म और भगवान शिव में आस्था जताई और हिंदू धर्म स्वीकार करने के बाद घर वापसी करने का दावा किया। धर्म परिवर्तन करने वाले शंकर के मुताबिक उसे अपने ही कुछ लोगों से जान का खतरा भी है।
अखाड़ा परिषद के पूर्व प्रवक्ता एवं दिगंबर अखाड़े के सचिव बाबा हठयोगी ने कहा कि पूरे परिवार ने वैदिक विधि विधान से हिंदू धर्म अपना लिया गया है। उन्हें हिन्दू धर्म की सभी आचार विचार और गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। उनके दादा, परदादा सब हिंदू ही थे, लेकिन बीच में उन्होंने अन्य धर्म स्वीकार कर लिया था। अब उन्होंने हिंदू धर्म अपनाकर पुनः घर वापसी की है।
श्रीकृष्ण सनातन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कृष्ण महाराज ने बताया कि कुछ दिन पूर्व स्वयं उनके पास आकर परिवार ने सनातन धर्म स्वीकार करने की इच्छा जताई थी और कहा था कि उनको अपने मूल धर्म में वापसी करनी है।
उन्होंने दावा किया कि उनके संपर्क में अभी और कई लोग हैं, जो घर वापसी करना चाहते हैं। वहीं मुस्लिम से हिंदू धर्म स्वीकार करने वाले शंकर ने कहा कि मेरी भगवान शिव और अपने गुरू में गहरी आस्था है। पहले से ही वो सनातन धर्म को मानते हैं इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ सनातन धर्म अपना लिया है। जबसे मैंने सनातन धर्म स्वीकार करने का निर्णय लिया था, तब से उनकी जान को खतरा है। शंकर ने साफ तौर पर कहा कि अब उन्होंने घर वापसी कर ली है। उनके पूर्वज सनातनी थे और अब वो भी सनातनी बनकर जीवन व्यतीत करेंगे।
