मसूरी होटल एसोसिएशन ने प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क का विरोध किया

मसूरी। मसूरी होटल एसोसिएशन ने नगरपालिका द्वारा प्रस्तावित नए लाइसेंस, पंजीकरण और शुल्क का कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। होटल एसोसिएशन का कहना है कि होटल पहले से ही विभिन्न लाइसेंस, पंजीकरण और शुल्कों के बोझ तले दबे हुए हैं, और यह नया प्रस्ताव उनकी परेशानियों को और बढ़ा देगा।
होटल एसोसिएशन मसूरी के महासचिव अजय भार्गव ने कहा कि नगर पालिका बोर्ड बैठक में होटल व्यवसायियों सहित अन्य व्यवसायियों पर लाइसेंस लेने का प्रस्ताव सदन में पास किया गया है जिसका होटल एसोसिएशन कड़ा विरोध करता है। उन्होंने कहा कि होटल उद्योग पहले ही कई प्रकार के कर देता आ रहा है और अब नगर पालिका द्वारा नया कर लगाना उचित नहीं है। उन्होने अवगत कराया कि मोजूदा समय में दुकान और प्रतिष्ठान लाइसेंस, दुकान अधिनियम, खाद्य लाइसेंस, जीएसटी राज्य और केंद्र सरकार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संचालन की अनुमति, भवन कर नगर पालिका, अपशिष्ट प्रबंधन शुल्क नगरपालिका, उद्योग आधार, उद्यम पंजीकरण, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र शुल्क, कर्मचारी राज्य बीमा निगम पंजीकरण, भविष्य निधि पंजीकरण, सार्वजनिक प्रदर्शन लाइसेंस, उत्तराखंड यात्रा व्यापार पंजीकरण पर्यटन विभाग, पहले से ही लगाये गये हैं ऐसे में नया शुल्क लगाना व्यापारी हित में सही नहीं है। उन्होंने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण बात, आवास लाइसेंस नगर पालिका द्वारा ही जारी किया जाता है। एसोसिएशन का मानना है कि नए नियम जोड़ने से व्यापार वृद्धि में बाधा आएगी और आर्थिक चुनौतियां और बढ़ेंगी।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.