यात्रा शुरू होने से पहले यमुनोत्री पैदल मार्ग को किया जा रहा दुरुस्त
1 min read
उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम के कपाट आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यमुनोत्री धाम में जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। भारी बर्फबारी और बारिश के चलते मार्ग पर जमा बर्फ, मलबा, गिरे पेड़ और ग्लेशियर आने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया था। मार्ग से ग्लेशियर और गिरे पेड़ों को काटकर रास्ता खोला जा रहा है। इस काम के लिए लोनिवि ने वहां पर मजदूरों की संख्या भी बढ़ा दी है। साथ ही जल्द मार्ग दुरुस्त करने की बात कही जा रही है।
पिछले दिनों मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि यमुनोत्री पैदल मार्ग को खोलने के लिए वहां पर काम धीमी गति से चल रहा है। इसके बाद पैदल मार्ग को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मजदूरों की संख्या बढ़ाकर युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया। लोक निर्माण विभाग के ईई तरुण कांबोज के निर्देशन में टीम कटर मशीनों की मदद से मार्ग में गिरे पेड़ों, तनों और जड़ों को हटाने का कार्य कर रही है। साथ ही ग्लेशियर और मलबे को साफ कर रास्ता सुचारू किया जा रहा है। विभाग ने साफ किया है कि अभी भी कई स्थानों पर आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है।
मजदूर लगातार संवेदनशील जगहों पर सफाई और मरम्मत कार्य में जुटे हैं, ताकि मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके। यहां आपदा के कारण पैदल मार्ग के साथ टिन शेड और रेलिंग को भी नुकसान पहुंचा था। फिलहाल इनकी मरम्मत का कार्य भी चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। ईई तरुण कांबोज ने बताया कि मजदूरों की संख्या बढ़ा दी गई है और जल्द ही मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बना दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जेई और एई के हड़ताल पर होने से कार्य प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद विभागीय अधिकारी फील्ड में निगरानी रखते हुए कार्य को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।
चारधाम यात्रा व्यवस्था के तहत यमुनोत्री पैदल मार्ग को सुरक्षित आवागमन के लिए सुचारू बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। मार्ग पर चल रहे कार्यों को देखने के लिए बड़कोट लोनिवि के अधिशासी अभियंता यहां पहुंचे। उन्होंने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया और मजदूरों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तरुण कांबोज ने जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जगह-जगह हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कर श्रद्धालुओं के लिए सुचारू और सुरक्षित आवाजाही के लिए बहाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण मार्ग को काफी नुकसान पहुंचा है। बीच में मौसम खराब होने के कारण कार्यों को पूरा करने में बाधाएं आ रही हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घोड़ा पड़ाव क्षेत्र से लगी भूमि व जिला पंचायत के शौचालयों के ऊपर मजदूरों के लिए प्रस्तावित शेड निर्माण स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही मजदूरों के लिए शेड और घोड़ा पड़ाव की अतिरिक्त व्यवस्थाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी, जिससे यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं और अधिक सुचारू हो सकें।
