लंढौर बाजार स्थित होटल में मिले अचेत व्यक्ति की मौत
1 min read
मसूरी। लंढौर बाजार स्थित होटल निशिमा में किराये पर रह रहे एक व्यक्ति की अचानक तबियत खराब हो गयी व जब तक एंबुलेंस आती तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा व शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजने के साथ ही उसके परिजनों को सूचित किया गया।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी राजवीर ने मोबाइल से चीता पुलिस लंढौर को सूचना दी गई कि होटल निशिमा लंढौर बाजार में एक व्यक्ति अपने कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी मय चीता कर्मचारीगण मौके पर पहुंचे। मौके पर जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त व्यक्ति होटल निसिमा के कमरा संख्या-08 में किराए पर रह रहा था। पूछताछ व सत्यापन में उसकी पहचान नमित पन्त उर्फ नवनीत पुत्र डी.के. पन्त, निवासी 05 दिलाराम बाजार, राजपुर रोड, देहरादून, उम्र लगभग 48 वर्ष के रूप में हुई। वह विगत लगभग एक वर्ष से लंढौर बुक सेलर के यहां कार्यरत था तथा उक्त होटल में किराये पर निवास कर रहा था। होटल के सफाई कर्मचारी द्वारा बताया गया कि सुबह दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। संदेह होने पर दरवाजे को धक्का देकर खोला गया तो नमित पन्त को अत्यधिक बीमार अवस्था में पाया गया, जिसे खून की उल्टी हो रही थी। स्थानीय व्यक्तियों द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई, किन्तु एम्बुलेंस के पहुंचने से पूर्व ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भिजवाया गया। कमरे की तलाशी के दौरान शराब की खाली बोतलें एवं गुटखा आदि के खाली पाउच, डिब्बे पाए गए। जानकारी में यह भी आया कि दिनांक 8.फरवरी 2026 को मृतक को वेतन प्राप्त हुआ था, जिसके बाद से वह कार्य पर नहीं गया था। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है।
