मिस अर्थ इको वॉरियर वैष्णवी कर्णवाल ने साझा किया संघर्ष और सफलता का सफर
1 min read
मसूरी। रोटरी क्लब मसूरी की ओर से एक होटल में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में मिस अर्थ इको वॉरियर इंडिया 2026 वैष्णवी कर्णवाल ने अपने संघर्ष, आत्मविश्वास और सफलता की प्रेरक जीवन यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और परिवार के सहयोग से कठिन परिस्थितियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
वैष्णवी पर्यावरण संरक्षण, युवा नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने रोटरैक्ट क्लब दून शिवालिक हिल्स की चार्टर प्रेसिडेंट के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद वह रोटरैक्ट डिस्ट्रिक्ट 3080 में वर्ष 2024-25 के दौरान उत्तराखंड की डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रहीं। वर्तमान में वह रोटरी क्लब दून शिवालिक हिल्स में यंग लीडर्स की को-चेयर हैं। जुलाई 2026 में वह रोटेरियन के रूप में क्लब से जुड़ीं।
पर्यावरण संरक्षण के लिए उनका प्रमुख अभियान श्पृथ्वी के धागेश् है। इसके माध्यम से वह टेक्सटाइल अपसाइक्लिंग, टिकाऊ फैशन और युवतियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं। कार्यक्रम में वैष्णवी ने अपने जीवन के कठिन दौर का जिक्र करते हुए बताया कि कम उम्र में मां को खोने के बाद वह गर्दन के नीचे पक्षाघात की स्थिति से गुजरीं और करीब दो महीने तक बिस्तर पर रहीं। इस चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने सकारात्मक सोच बनाए रखी और स्वस्थ होकर अपने जीवन के लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया। धीरे-धीरे उनकी स्थिति में सुधार हुआ। शुरुआत में चलने और सीढ़ियां चढ़ने में भी परेशानी होती थी, लेकिन लगातार प्रयास, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से उन्होंने अपनी क्षमताओं को फिर से विकसित किया और ब्यूटी पेजेंट में भाग लेने तक का सफर तय किया।
वैष्णवी ने अपने पिता रोटेरियन अजय कर्णवाल को अपनी सफलता की प्रमुख प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधित्व का अर्थ केवल किसी मंच पर उपस्थित होना नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी अवसर और विश्वास पैदा करना है, जिन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त मौके नहीं मिलते। वह वंचित युवतियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। रोटरी क्लब मसूरी की अध्यक्ष रोटेरियन अश्विनी मित्तल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि क्लब सचिव रोटेरियन नूपुर कर्णवाल कैंतुरा ने संचालन किया।
कार्यक्रम में पीपी प्रमोद साहनी, रणबीर सिंह, मनमोहन कर्णवाल, सुरेश अग्रवाल, डी.के. जैन, शैलेंद्र कर्णवाल, कुलदीप माथुर, विनीश सांघल, दीपक अग्रवाल, शलभ गर्ग, विपुल मित्तल, संजय जैन, योगिता गोयल, रोटेरियन टी.एस. मंचंदा और मयूर गर्ग सहित रोटरी एनीज एवं एनेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवा नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा के प्रति रोटरी क्लब की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
