गणेश जोशी ने छात्रावास में विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री
मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने झड़ीपानी स्थित सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में सेवा संकल्प अभियान के तहत समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की और उनसे संवाद किया।
कैबिनेट मंत्री ने बच्चों से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पहुंचाना है। समग्र शिक्षा के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और सीखने का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान छात्रावास प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में खेल मैदान विकसित करने की मांग रखी गई। कैबिनेट मंत्री ने मांग का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि बच्चों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल मैदान निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
