गोल्फकार्ट संचालकों की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, एसडीएम को ज्ञापन
मसूरी। गोल्फकार्ट संचालन की मांग को लेकर शहीद स्थल पर तीन दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे गोल्फकार्ट संचालकों ने प्रशासन और पालिका की ओर से सुध नहीं लिए जाने पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि गोल्फकार्ट संचालक तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन प्रशासन और पालिका की ओर से उनकी मांगों पर कोई पहल नहीं की गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि न तो उनका मेडिकल कराया गया और न ही स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक भूख हड़ताल के कारण यदि किसी संचालक के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है या कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी नगर प्रशासन और पालिका प्रशासन की होगी। संचालकों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह चैहान, राजेश्वर प्रसाद डंगवाल, दलवीर सिंह, विजय सिंगवान, सुखदेव सिंह, शंकर सिंह, वीरेंद्र डुगरियाल, रणवीर और लखी लाल शामिल रहे।
