जनगणना तैयारियों के तहत देहरादून में स्वगणना जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
1 min read
देहरादून। जिलाधिकारी, डॉ. आशीष चैहान के निर्देशानुसार आगामी जनगणना-2027 के सफल संचालन एवं आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनगणना कार्य निदेशालय (जनगणना विभाग) के तत्वावधान में जनपद देहरादून के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं विभागीय कार्यालयों में श्स्वगणना जागरूकता शिविर एवं प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विभागीय कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा तकनीकी पहलुओं से अवगत कराना था। इसी क्रम में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में आयोजित स्वगणना जागरूकता शिविर में कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. गीता जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर संस्थान की वरिष्ठ संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जनगणना विभाग की ओर से मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल एवं फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित ने पीपीटी एवं अन्य दृश्य-श्रव्य माध्यमों से प्रतिभागियों को स्वगणना की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी संकाय सदस्यों एवं लगभग 400 भावी चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से प्रतिज्ञा ली कि वे निर्धारित समय-सीमा से पूर्व स्वयं एवं अपने परिवार की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूर्ण करेंगे तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
