गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने का विद्यार्थियों से आह्वान

1 min read

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्यगण एवं अतिथियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, भाषण और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, जबकि शास्त्रीजी ने सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन देश की एकता एवं अखंडता के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर शैलेंद्र कर्णवाल, मदनमोहन शर्मा, चंद्र प्रकाश गोदियाल, माधुरी शर्मा, रमेश चंद्र डिमरी सहित आचार्य एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.