दिल्ली में गर्मी छुड़ाएगी पसीना, लू का यलो अलर्ट

नई दिल्ली: राजधानी में शनिवार को मौसम विभाग ने लू का यलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय धूलभरी आंधी भी चल सकती है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। वहीं, शुक्रवार को सुबह से ही भीषण गर्मी ने लोगों को सताया। दोपहर के समय लोग घरों में कैद रहे। दोपहर में बादल और सूरज की लुकाछिपी का खेल चला। इससे पूर्व की दिशा से आने वाली हवाओं ने लोगों को थोड़ी राहत दी।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अब तक सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया है।
रविवार को आसमान साफ रहेगा। कई इलाकों में धूलभरी आंधी चलेगी। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का अनुमान है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस तक जाने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, नजफगढ़ और मुंगेशपुर इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आया नगर में 42.2, जाफरपुर में 42.1, पूसा में 42, नरेला में 41.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.