मसूरी में सीवर लीकेज की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधानः गणेश जोशी

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सीवर व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सीवर लाइन लीकेज की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मसूरी में कुल पांच सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से दो एसटीपी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि एक एसटीपी को सीवर नेटवर्क से जोड़ने का कार्य शेष है। शेष दो एसटीपी का निर्माण कार्य अभी जारी है। गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में जहां भी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है या लीकेज की समस्या बनी हुई है, वहां तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सीवर लीकेज के कारण आम लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही इससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी पैदा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेयजल और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं आमजन के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए इनसे संबंधित शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मंत्री ने निर्माणाधीन एसटीपी के कार्यों में तेजी लाने और जिन एसटीपी का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें आवश्यक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराकर जल्द संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जनता को बेहतर पेयजल और सीवर सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता संजय सिंह, अधिशासी अभियंता मोनिका वर्मा, जल निगम के अधीक्षण अभियंता आरके जैन, अधिशासी अभियंता सतेंद्र पुंडीर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।?

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.