राज्य आंदोलन के संघर्षशील सेनानी डॉ. हरिमोहन गोयल का निधन, आंदोलनकारियों ने राजकीय सम्मान देने की उठाई मांग
मसूरी। राज्य आंदोलनकारी डॉ. हरिमोहन गोयल के आकस्मिक निधन पर मसूरी के राज्य आंदोलनकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आंदोलनकारियों ने सरकार से मांग की कि राज्य निर्माण आंदोलन में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी जाए।
राज्य आंदोलनकारी मंच के संरक्षक जयप्रकाश उत्तराखंडी, अध्यक्ष देवी गोदियाल, नरेंद्र पडियार एवं अनिल गोदियाल ने कहा कि डॉ. हरिमोहन गोयल ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आंदोलन के दौरान उन्हें सीबीआई के मुकदमों का सामना करना पड़ा और करीब 14 वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। इस दौरान वह अपने खर्च पर इलाहाबाद जाकर मुकदमों की पैरवी करते रहे।
उन्होंने कहा कि डॉ. गोयल केवल राज्य आंदोलन तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण आंदोलन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वह सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में हमेशा अग्रणी रहे और श्री सांई मंदिर के अध्यक्ष पद पर रहते हुए भी अपनी सेवाएं देते रहे।
राज्य आंदोलनकारी प्रदीप भंडारी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. गोयल एक सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन सामाजिक और आंदोलनकारी जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पूरण जुयाल, बिजेंद्र पुंडीर, शूरवीर भंडारी, कमल भंडारी, धनेंद्र पुंडीर, भगवान सिंह रावत, आरडी गुप्ता, अनिल गोयल, कुशाल सिंह राणा, विजय रमोला सहित अनेक राज्य आंदोलनकारी शामिल रहे।
