उत्तराखण्ड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टीः उमा सिसोदिया

देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से दिल्ली में मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने प्रेस को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। पार्टी प्रदेश की जनता के बीच एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उतरने की तैयारी कर रही है। उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल के साथ हुई बैठक में उत्तराखण्ड के राजनीतिक हालात, प्रदेश संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए प्रदेश में एक मजबूत और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प देना है।
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारकों के रूप में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह, जरनैल सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी सहित पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के उत्तराखण्ड आने की उम्मीद है। इन नेताओं की जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी अपने विचारों और नीतियों को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाएगी।
प्रदेश अध्यक्षा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब सभी को चुनावी मोड में आकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में मजबूत संगठन ही सबसे बड़ी ताकत होता है और आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएगा।
प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि पार्टी जल्द ही विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार घोषित करेगी। प्रत्याशियों के चयन में संगठन की मजबूती, जनसेवा के प्रति समर्पण और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को अवसर दिया है, लेकिन आज भी प्रदेश की जनता रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे सवालों से जूझ रही है। आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश के विकास के लिए एक ठोस विकल्प प्रस्तुत करेगी। अंत में उन्होंने कहा कि आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी पूरी ताकत, मजबूत संगठन और स्पष्ट विजन के साथ लड़ेगी। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश की सभी 70 सीटों पर जीत की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए अभी से मैदान में उतर चुका है। पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्षा सहित डी एस कौटिल्य, हिमांशु पुण्डीर, श्याम बाबू पाण्डेय शामिल थे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.