महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर एबीवीपी ने आयोजित की विचार गोष्ठी
1 min read
मसूरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मसूरी इकाई एवं एमपीजी कॉलेज इकाई के संयुक्त तत्वावधान में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में एमपीजी कॉलेज के सभागार में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में वक्ताओं ने महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य, राष्ट्रभक्ति और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
रानी लक्ष्मीबाई का शौर्य और वर्तमान में छात्र शक्ति की भूमिकाश् विषय पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई का जीवन त्याग, साहस और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने से इनकार कर स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन आज के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में छात्र शक्ति की भूमिका केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और देश के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी युवाओं को आगे आना होगा। विद्यार्थियों को महारानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। इस अवसर पर एमपीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. शालिनी गुप्ता, प्राध्यापक रुचि बडोनी, एबीवीपी नगर मंत्री अनुज पंवार, छात्रसंघ अध्यक्ष वेदांत थापली, आकाश पडियार, शुभम, साक्षी, खुशी, अंजलि, लक्की, मीनाक्षी, प्रिया सहित एबीवीपी के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया।
