अनुज गुप्ता ने मंत्री गणेश जोशी पर लगाए गंभीर आरोप, बोले-उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं
मसूरी। पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने अपने कार्यकाल में कथित 11 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में वसूली की शासन की संस्तुति पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में जिस तरह सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, उसी तर्ज पर उन्हें भी निशाना बनाया जा रहा है। वह किसी भी फर्जी मुकदमे, सतर्कता जांच, ईडी अथवा सीबीआई की जांच से डरने वाले नहीं हैं और हर कार्रवाई का डटकर मुकाबला करेंगे।
मसूरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुज गुप्ता ने आरोप लगाया कि विधायक गणेश जोशी ने 15 वर्षों में मसूरी को लूटने और बेचने का काम किया है। अब जब वह उनके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं तो उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाकर डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता और वह मंत्री के कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे। अनुज गुप्ता ने कहा कि आपदा प्राप्ति नियमावली में स्पष्ट प्रावधान है कि निविदा प्रक्रिया में पालिकाध्यक्ष की कोई भूमिका नहीं होती। कोविड काल में दी गई छूट भी शासन स्तर पर गठित तीन सदस्यीय समिति की संस्तुति के बाद दी गई थी। इस समिति में अधिशासी अधिकारी, नायब तहसीलदार और लेखाकार शामिल थे। समिति की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने अनुमोदन दिया था। ऐसे में पूरी प्रक्रिया के लिए पालिकाध्यक्ष को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब वित्तीय प्रक्रिया और छूट देने का निर्णय शासन स्तर पर लिया गया तो उन्हें आरोपी किस आधार पर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में मसूरी में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, लेकिन आगामी चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दबाव बनाने और उनकी दावेदारी कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
अनुज गुप्ता ने कहा कि वह इस मामले में न्यायालय की शरण लेंगे, जहां दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपनी पार्टी में भी विरोध करने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने गामा प्रकरण में भी गणेश जोशी की भूमिका होने का आरोप लगाया और कहा कि वह इस मामले में खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। जांच करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज उनका समय है तो कल हमारा भी समय आएगा। किसी भी दबाव में वह पीछे हटने वाले नहीं हैं और हर स्तर पर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
