खेल मैदान में दिखा विद्यार्थियों का दम, केंद्रीय विद्यालय में वार्षिक खेलकूद दिवस
1 min read
मसूरी। केंद्रीय विद्यालय लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में वार्षिक खेलकूद दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशुम शर्मा कलसी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आगाज विद्यालय के चारों सदनों शिवाजी, टैगोर, अशोक और रमन सदन के विद्यार्थियों के आकर्षक मार्चपास्ट से हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासित कदमताल के साथ एकता और सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने लेजियम का मनमोहक प्रदर्शन किया। माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों की आकर्षक योग प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों के लिए 70 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के साथ 200 मीटर रिले दौड़ आयोजित की गई। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतिभाग किया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अंशुम शर्मा कलसी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ और सशक्त बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वार्षिक खेलकूद दिवस ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया।
