मसूरी में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा, हाथीपांव रोड पर निर्माण सील
1 min read
मसूरी। मसूरी में अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने हाथीपांव रोड स्थित विंसेट हिल, क्रेग टॉप एस्टेट, वैवरली में एक निर्माण को सील कर दिया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी एवं प्राधिकरण के संयुक्त सचिव के निर्देश पर की गई।
प्राधिकरण के अनुसार, संबंधित स्थल पर लोहे के गार्डर और चैनलों की सहायता से दो प्लेटफॉर्म संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा था। इसे अनधिकृत निर्माण मानते हुए उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। एमडीडीए की ओर से बताया गया कि इससे पहले संबंधित पक्ष अरुण सहगल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसका संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद संयुक्त सचिव एवं उपजिलाधिकारी की ओर से निर्माण को सील करने के आदेश जारी किए गए। आदेश के अनुपालन में प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया।
कार्रवाई सहायक अभियंता अजय मलिक के नेतृत्व में की गई। इस दौरान अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर संजीव कुमार और उदय नेगी मौजूद रहे। प्राधिकरण की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण पर नियंत्रण की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।
