चित्रकला प्रतियोगिता में मसूरी पब्लिक स्कूल का दबदबा

1 min read

मसूरी। हिलबर्ड स्कूल में एलवी मणि की स्मृति में 19वीं स्थल चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मसूरी के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। मुख्य अतिथि एवं निर्णायक राजेश कॉल्विन ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ अपनी रुचियों और शौक को भी विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में मसूरी पब्लिक स्कूल के आयुष ने प्रथम तथा इसी विद्यालय के शिवम राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गुरुनानक स्कूल के आदिया तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, वरिष्ठ वर्ग में मसूरी पब्लिक स्कूल की शोबिया ने प्रथम और इसी विद्यालय की आराध्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया। हिलबर्ड स्कूल की छात्रा परिधि सजवाण तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का संचालन गौरव सिंह ने किया। विद्यालय के निदेशक प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों और मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम द्विवेदी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.