होटल के मुख्य द्वार और रसोई में ताला लगाने पर कर्मचारियों का हंगामा
1 min read
मसूरी। लाइब्रेरी क्षेत्र स्थित एक होटल में मुख्य द्वार और रसोई पर ताला लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। घटना के बाद होटल में कार्यरत कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए धरना दिया। कर्मचारियों ने होटल के नए पट्टेदार पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य द्वार का ताला खुलवाया।
होटल कर्मचारियों के अनुसार, वे पिछले करीब डेढ़ वर्ष से वहां काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि गत रात्रि किसी ने होटल की रसोई और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया, जबकि इस संबंध में कर्मचारियों को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। इससे होटल के भीतर मौजूद कर्मचारी अंदर ही रह गए, जबकि बाहर मौजूद कर्मचारी प्रवेश नहीं कर सके। कर्मचारियों का कहना है कि होटल में कुछ कर्मचारियों के परिवार भी रहते हैं, जिससे स्थिति और असुविधाजनक हो गई।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि होटल के पट्टे पर दिए जाने के बाद नए पट्टेदार की ओर से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे ऐसे माहौल में काम नहीं करना चाहते और उनका बकाया हिसाब कर भुगतान किया जाना चाहिए। कर्मचारियों के अनुसार, होटल में करीब 25 कर्मचारी कार्यरत हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि 11 अक्टूबर को होटल मालिक और पट्टेदार के बीच भी विवाद हुआ था। उनका कहना है कि उस दौरान कर्मचारियों के हिसाब-किताब की बात कही गई थी, लेकिन इसके बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई।
होटल प्रबंधक सुरेश पंवार ने बताया कि कर्मचारियों के अनुसार, रात में होटल के द्वार पर ताला लगाया गया था। उन्होंने कहा कि होटल पट्टे पर दिया जा चुका है, लेकिन ताला किसने लगाया, इसकी जानकारी नहीं है। संभव है कि सुरक्षा कर्मी ने ताला लगाया हो। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की जांच से इसकी जानकारी मिल सकती है। प्रबंधक के अनुसार, होटल मालिक कर्मचारियों का हिसाब करने के लिए आएंगे और किसी का भुगतान नहीं रोका जाएगा। जो कर्मचारी काम जारी रखना चाहते हैं, वे काम कर सकते हैं, जबकि काम नहीं करने वालों का नियमानुसार हिसाब किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था।
