भट्ठा फॉल रोपवे में फंसे यात्रियों को बचाने का अभ्यास, सभी विभागों ने दिखाया समन्वय
1 min read
मसूरी। भट्ठा फॉल रोपवे में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों के फंसने की काल्पनिक स्थिति को लेकर अग्निशमन विभाग, आपदा सेवा केंद्र और अन्य संबंधित विभागों ने संयुक्त मॉक ड्रिल की। अभ्यास के दौरान रोपवे की क्रैडल कार में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान बताया गया कि भट्ठा फॉल रोपवे में खराबी आने से कुछ यात्री फंस गए हैं। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। उपजिलाधिकारी के दिशा-निर्देश पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।
अभ्यास के दौरान आपदा बचाव उपकरणों का उपयोग कर रोपवे में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई और उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता को परखना रहा। अभ्यास में नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा, अग्निशमन अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल, प्रदीप कुमार, नितिन सिंह, सुनील कुमार और रोहित रावत सहित एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया।
